चांडिल (सरायकेला-खरसावां)दलमा क्षेत्र ग्राम सभा सुरक्षा मंच, कोल्हान प्रमंडल द्वारा आयोजित होने वाले एक दिवसीय महा जन सम्मेलन को लेकर आयोजक समिति ने आज अंतिम तैयारियां पूरी कर ली हैं। सम्मेलन 25 फरवरी 2026 को माकुलोचा फुटबॉल मैदान में पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 4 बजे तक आयोजित किया जाएगा।आयोजक समिति के सदस्यों ने बताया कि कार्यक्रम स्थल पर मंच, बैठक व्यवस्था, ध्वनि विस्तारक यंत्र एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली गई हैं। साथ ही क्षेत्र के सभी आमंत्रित गांवों के ग्रामीणों से समय पर पहुंचने की अपील की गई है।यह सम्मेलन दलमा वन्यजीव अभ्यारण्य क्षेत्र में प्रस्तावित विकास कार्यों, इको-टूरिज्म योजना तथा क्षेत्र में व्याप्त जनसमस्याओं को लेकर आयोजित किया जा रहा है। सम्मेलन में दलमा तराई क्षेत्र के 84 मौजा अंतर्गत 135 गांवों के ग्रामीणों की सहभागिता अपेक्षित है।आयोजकों ने स्पष्ट किया कि कार्यक्रम को पूरी तरह शांतिपूर्ण, लोकतांत्रिक और अनुशासित तरीके से संपन्न किया जाएगा। प्रशासन को पूर्व में ही सूचना देकर सुरक्षा एवं सहयोग का अनुरोध किया गया है।आयोजक समिति ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर सम्मेलन को सफल बनाएं।
![]() |
| Advertisement |
Tags
public meeting

