https://youtube.com/@jharkhandflashnews?si=A-kEvUbmeGKcQsEi

उपायुक्त ने ईचागढ़ आंचल कार्यालय, चांडिल डेम और नगर परिषद कपाली का किया औचक निरीक्षण



चांडिल06जून :
सरायकेला जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह ने शुक्रवार को ईचागढ़ आंचल कार्यालय, चांडिल डेम और नगर परिषद कपाली का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बकरीद पर्व के मद्देनजर विधि-व्यवस्था, स्वच्छता और सुरक्षा तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की।नगर परिषद कपाली में निरीक्षण के क्रम में ईचागढ़ की विधायक श्रीमती सविता महतो, उप विकास आयुक्त श्री आशीष अग्रवाल, अपर उपायुक्त श्री जयवर्धन कुमार तथा चांडिल अनुमंडल पदाधिकारी श्री विकास कुमार राय मौजूद रहे।उपायुक्त ने नगर परिषद कार्यालय में कार्यप्रणाली, साफ-सफाई और कार्मिकों की उपस्थिति की स्थिति की जांच की।

उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय बनाकर शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार सम्पन्न कराने के निर्देश दिए।उन्होंने कपाली नगर परिषद क्षेत्र के सभी 21 वार्डों में मस्जिदों और धार्मिक स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल एवं दंडाधिकारियों की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही मुख्य मार्गों और प्रमुख बाजार क्षेत्रों में नियमित पुलिस गश्ती की व्यवस्था करने को कहा।चिन्हित संवेदनशील क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे एवं ड्रोन से निगरानी की व्यवस्था के निर्देश देते हुए उपायुक्त ने कहा कि असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाए और किसी भी स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

जल संकट के समाधान का दिया आश्वासन
निरीक्षण के दौरान कपाली क्षेत्र में व्याप्त जल संकट की ओर ध्यान आकर्षित किए जाने पर उपायुक्त ने समस्या के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। इस दौरान जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, नगर परिषद कपाली के कार्यपालक पदाधिकारी, चांडिल बीडीओ, कपाली थाना प्रभारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post