चांडिल:सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत कांदरबेरा गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब गीतिलबेड़ा नदी किनारे एक अज्ञात महिला का शव बरामद किया गया। शव कांदरबेरा चौक से डोबो जाने वाले मुख्य मार्ग के पास नदी किनारे पड़ा हुआ था।स्थानीय लोगों ने जब नदी किनारे महिला का शव देखा तो तुरंत इसकी सूचना चांडिल थाना को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी दिलशन बिरुवा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
उम्र करीब 45 वर्ष, डूबने से मौत की आशंका
पुलिस के अनुसार मृतका की उम्र करीब 45 वर्ष बताई जा रही है। महिला के शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के स्पष्ट निशान नहीं पाए गए हैं। प्रारंभिक जांच में यह डूबने से मौत का मामला प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस किसी भी संभावना को नकार नहीं रही है।
मृत महिला की अब तक पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के गांवों में पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि महिला किस क्षेत्र की रहने वाली है और किन परिस्थितियों में वह नदी तक पहुंची।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
घटनास्थल पर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सरायकेला भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
पुलिस सभी पहलुओं से कर रही जांच
थाना प्रभारी दिलशन बिरुवा ने बताया कि फिलहाल मामला संदिग्ध प्रतीत नहीं हो रहा है, लेकिन पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पहचान के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।घटना के बाद से इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को महिला के बारे में कोई जानकारी हो, तो वह तुरंत चांडिल थाना से संपर्क करें।
![]() |
| Advertisement |

