पटमदा।बोड़ाम थाना क्षेत्र अंतर्गत गाय चोरी के मामलों में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। मिर्जाडीह और बोड़ाम बाजार क्षेत्र से हुई मवेशी चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। साथ ही चोरी में प्रयुक्त वाहन और एक गाय को भी बरामद किया गया है।जानकारी के अनुसार, 4 जनवरी की रात करीब 2 बजे मिर्जाडीह गांव निवासी पशुपालक जनार्दन घोष के घर से चोरों के गिरोह ने दो गायों की चोरी कर ली थी। वहीं, 2 जनवरी की रात करीब 1 बजे बोड़ाम बाजार निवासी साधुचरण महतो के घर से एक गाय और एक बछड़े की चोरी की गई थी। दोनों मामलों में बोड़ाम थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी थी।
छानबीन के दौरान पुलिस ने चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत कपाली ओपी के ताजनगर निवासी अब्दुल कादिर को गिरफ्तार किया। बुधवार को आरोपी को हिरासत में लेने के बाद गुरुवार को प्रेस के समक्ष मामले का खुलासा किया गया, जिसके पश्चात आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।पुलिस ने चोरी में प्रयुक्त टाटा इंडिगो कार (संख्या जेएच 05 एएल 6613) को भी जब्त किया है। इसके अलावा मिर्जाडीह से चोरी गई एक गाय को सकुशल बरामद कर लिया गया है। हालांकि अब तक दो गाय और एक बछड़े की बरामदगी नहीं हो सकी है।पीड़ित पशुपालक जनार्दन घोष ने बताया कि घटना की रात गाड़ी की आवाज सुनकर जब वे बाहर निकले, तब तक चोर फरार हो चुके थे। गोहाल घर में जाकर देखने पर दोनों गाय गायब थीं, जबकि बछड़े बंधे हुए मिले। चोरों ने आवाज न हो, इसके लिए गाय के गले में बंधी घंटी खोल दी थी। उन्होंने बताया कि गाय ही उनके परिवार की आजीविका का मुख्य साधन थीं, जिसकी चोरी के बाद परिवार आर्थिक संकट से जूझ रहा है।इस संबंध में बोड़ाम थाना प्रभारी मनोरंजन कुमार ने बताया कि इस गिरोह में 4 से 5 लोग शामिल हैं, जो रात के अंधेरे में मवेशी चोरी की घटनाओं को अंजाम देते हैं। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी लगातार जारी है और सभी दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जाएगी।
![]() |
| Advertisement |
Tags
Crime News


