नीमडीह प्रखंड में जंगली हाथी की मौत, डीएफओ ने जताया दुःख | जांच में जुटी वन विभाग की टीम

 


नीमडीह: विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर जहां एक ओर पूरे राज्य में पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह प्रखंड अंतर्गत आमड़ाबेड़ा फुटबॉल मैदान के समीप एक जंगली हाथी की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। इस घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।घटना की जानकारी मिलते ही सरायकेला वन प्रमंडल की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। वन प्रमंडल पदाधिकारी (DFO) सवा आलम अंसारी ने हाथी की मौत पर गहरा दुःख व्यक्त किया और कहा कि यह एक गंभीर घटना है, जिसकी हर पहलु से जांच की जा रही है।वन विभाग की टीम ने प्रारंभिक रूप से हाथी के शव का निरीक्षण कर संभावित कारणों का पता लगाने का प्रयास किया है।

शव को पोस्टमार्टम किया जाएगा, ताकि वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सके।स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि हाल के दिनों में क्षेत्र में हाथियों की आवाजाही बढ़ी है, जिससे फसलों और जनजीवन पर असर पड़ रहा है। वन विभाग से समय-समय पर सुरक्षा की मांग भी की गई थी।एक ओर जहां पर्यावरण दिवस पर वन विभाग प्लास्टिक मुक्त भारत और जैव विविधता के संरक्षण की दिशा में अभियान चला रहा है, वहीं हाथी की मौत ने विभाग की तैयारियों और वन्यजीव सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।


Post a Comment

Previous Post Next Post