चांडिल 24 जून:चांडिल प्रखंड के चाकुलिया गांव में एक चमत्कारिक घटना ने पूरे क्षेत्र को चौंका दिया है। गांव की एक असहाय और अकेली महिला के घर जमीन से शिवलिंग प्रकट होने की खबर फैलते ही पूरे क्षेत्र में श्रद्धा और आस्था की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने इसे भगवान शिव की कृपा बताया है और पूजा-अर्चना शुरू कर दी है।तुलसी कर्मकार, जो गांव के सिरे पर एक छोटी झोपड़ी में अकेली रहती हैं, ने बताया कि बीती रात वह अपने घर में अकेली सोई थीं।
उसी दौरान तेज गर्जन और बिजली की गड़गड़ाहट के बीच अचानक उनकी खाट एक ओर खिसक गई। जब उन्होंने नीचे देखा, तो दीवार के पास ज़मीन से एक छोटा सा शिवलिंग प्रकट हुआ था।उन्होंने यह भी बताया कि उन्हें बीते कुछ दिनों से सपनों में मंदिर निर्माण की बात दिखाई दे रही है। तुलसी ने जब यह बात गांव के लोगों से साझा की, तो यह खबर आग की तरह फैल गई। देखते ही देखते उनके घर पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।तुलसी कर्मकार का एकमात्र सहारा उनकी बेटी है, जो बाहर रहती है। उनके पति का कई वर्ष पहले निधन हो चुका है। अब वह गांव में मांगकर किसी तरह अपना जीवन यापन कर रही हैं। इस कारण भी लोगों की आस्था और विश्वास और अधिक गहरा हो गया है।सावन का पावन महीना समीप है, ऐसे में ग्रामीण इस घटना को शुभ संकेत मान रहे हैं। कई लोगों ने शिवलिंग के स्थान पर मंदिर निर्माण की इच्छा भी जताई है।गांव के एक बुजुर्ग श्रद्धालु ने कहा, “यह ईश्वर की माया है। इतनी असहाय महिला के घर शिवलिंग प्रकट होना कोई साधारण बात नहीं है। यह स्थान आस्था का केंद्र बन सकता है।”यह चमत्कारी घटना अब धार्मिक संगठनों का भी ध्यान आकर्षित कर रही है। आने वाले दिनों में यहां भक्तों की संख्या और बढ़ने की संभावना है।
![]() |
| Advertisement |
![]() |
| Advertisement |
![]() |
| Advertisement |
Tags
आस्था



