Chandil उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर जिला खनन विभाग की टीम ने शुक्रवार को ईचागढ़ थाना क्षेत्र के टीकर, मिलन चौक, जारगोडीह सहित कई स्थानों पर औचक निरीक्षण किया। अभियान का उद्देश्य अवैध खनन पर रोक, वैध भंडारण और पारदर्शी परिवहन व्यवस्था को सुनिश्चित करना था।टीम ने जारगोडीह स्थित जेएसएमडीसी लिमिटेड, सोड़ो की मां तारा इंटरप्राइजेज और कुर्माडीह स्थित मोती कंस्ट्रक्शन के खनिज भंडारण स्थलों का भौतिक सत्यापन किया। मौके पर अनुज्ञप्ति दस्तावेज, भंडारण पंजी, तथा खनिज की वास्तविक मात्रा की जांच की गई।इसी क्रम में खनिज लदे वाहनों को रोककर उनके ई-चालान, पंजीकरण, अनुज्ञप्ति, व परिवहन मार्ग से संबंधित कागजात भी खंगाले गए। बिना वैध दस्तावेजों के किसी वाहन को चलने की अनुमति नहीं दी गई।उपायुक्त ने क्षेत्रीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि खनिज संबंधी गतिविधियों पर नियमित निगरानी रखें और नियम उल्लंघन की स्थिति में तत्काल कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि खनिज भंडारण व परिवहन प्रणाली को पारदर्शी और जनहितकारी बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है, और इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Tags
Mining

