चांडिल : झारखंड राज्य स्थापना दिवस के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मंगलवार को चांडिल प्रखंड मुख्यालय परिसर में “रन फॉर झारखंड” एवं रजत जयंती समारोह का आयोजन बड़े ही धूमधाम और उल्लास के साथ किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक सविता महतो, प्रखंड विकास पदाधिकारी तालेश्वर रविदास एवं अंचलाधिकारी प्रदीप महतो के संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, शिक्षकों एवं आम नागरिकों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।विधायक सविता महतो ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि झारखंड राज्य की पहचान इसकी समृद्ध संस्कृति, प्राकृतिक संसाधनों और परिश्रमी जनता से है। उन्होंने कहा कि राज्य स्थापना दिवस का यह अवसर प्रदेश के सर्वांगीण विकास, जनकल्याण और एकता के प्रति नए संकल्प का प्रतीक है। विधायक ने युवाओं से अपील की कि वे राज्य के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएँ और झारखंड की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाएँ।राज्य स्थापना दिवस के इस अवसर पर “रन फॉर झारखंड” का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, एनसीसी कैडेटों और युवा समूहों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने “जय झारखंड”, “हमारा राज्य – हमारा गौरव” जैसे नारों के साथ दौड़ में हिस्सा लिया, जिससे पूरा वातावरण देशभक्ति और गर्व की भावना से ओतप्रोत हो गया।इसके साथ ही मनरेगा अंतर्गत प्रखंड स्तरीय समारोह का भी आयोजन किया गया।
![]() |
| Advertisement |
विधायक सविता महतो की उपस्थिति में बागवानी सखी एवं अन्य योजनाओं के तहत चयनित लाभार्थियों के बीच स्वीकृति पत्रों का वितरण किया गया। कार्यक्रम में मनरेगा के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी तालेश्वर रविदास ने कहा कि रजत जयंती वर्ष में मनरेगा जैसी योजनाओं के माध्यम से ग्रामीणों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रशासन प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि लाभुकों को समय पर योजनाओं का लाभ मिले, यही राज्य सरकार की प्राथमिकता है।अंचलाधिकारी प्रदीप महतो ने अपने संबोधन में कहा कि झारखंड की प्रगति तभी संभव है जब हर व्यक्ति अपनी जिम्मेदारी के साथ विकास में भागीदारी निभाए। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे सरकार की विकास योजनाओं से जुड़कर अपने क्षेत्र को सशक्त बनाएं।कार्यक्रम के दौरान झारखंड सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं जैसे — मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना, मुख्यमंत्री लघु उद्योग विकास योजना, कृषि सहायता योजनाओं, तथा महिला सशक्तिकरण योजनाओं की भी जानकारी दी गई।समारोह में झामुमो केंद्रीय सदस्य काबलु महतो, उप प्रमुख रामकृष्ण महतो, राहुल वर्मा, प्रखंड के विभिन्न अधिकारी-कर्मी, शिक्षक, विद्यार्थी, महिला समूह एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रगान के साथ रजत जयंती समारोह का समापन किया गया।

